गोमती नदी के घाटों पर छठ पूजा 2025 की तैयारियाँ पूरी लगन और रफ़्तार से चल रहा हैं। नगर निगम की ओर से सफाई और सजावट का काम पूरा किया गया है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 अक्टूबर को लक्ष्मण मेला मैदान से इस चार दिवसीय पर्व का शुभारंभ करेंगे।
लखनऊ, 26 अक्टूबर। आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा 2025 इस वर्ष पूरे उत्तर प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा राजधानी लखनऊ में इस पर्व की भव्य तैयारियाँ की गई हैं। लक्ष्मण मेला मैदान और गोमती तट के घाटों पर नगर निगम व भोजपुरी समाज (AIBS) की ओर से विशेष सजावट की गई है। घाटों पर मधुबनी और मिथिला कला की पेंटिंग्स बनाई गई हैं, जिससे पूरा परिसर आस्था और संस्कृति की रंगों में घुला हुआ है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 अक्टूबर की शाम मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। चार दिवसीय पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से 25 अक्टूबर को हो चुकी है, जबकि 26 को खरना27 को संध्या अर्घ्यऔर 28 को उषा अर्घ्य (उगते सूरज को अर्घ्य) के साथ पर्व का समापन होगा.
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए सख्त बंदोबस्त किए गए हैं। सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, महिला सुरक्षा कर्मी, ड्रोन कैमरे और एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। नगर निगम ने घाटों की सफाई, टेंट और हैलोजन लाइट की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘खोया-पाया’ काउंटर और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र भी स्थापित किए गए हैं.
इस बार पहली बार कुड़ियाघाट पर भी छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। यहां भी सजावट और पेंटिंग्स का काम लगभग पूरा हो चुका है. शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ भक्ति संगीत और लोकनृत्य का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किए हैं, ताकि घाटों के आस-पास क्षेत्र में सुचारू आवागमन बना रहे।
छठ पूजा का यह पर्व केवल बिहार या पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब यह लखनऊ जैसे महानगरों में भी आस्था का प्रतीक बन चुका है। सूर्य देव और छठी मइया की आराधना में डूबा लखनऊ भक्ति और संस्कृति के रंगों में रंग जाएगा |
