अंबेडकरनगर के जलालपुर क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने आसमान में बहुत कम ऊँचाई पर उड़ता हुआ ड्रोन देखा। हाल के दिनों में रात के समय ड्रोन उड़ने की अफवाहों के बीच दिन के उजाले में ड्रोन देखे जाने से गांव वालों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने ड्रोन का पीछा किया और करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद पता चला कि इसे दो युवक ऑपरेट कर रहे थे।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों युवकों को पकड़कर ड्रोन समेत एक वैन के साथ कोतवाली ले आए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पूछताछ में युवकों की पहचान आज़मगढ़ जिले के अंकित कुमार और मोहित दुबे के रूप में हुई। इनमें से अंकित कुमार ने खुद को ड्रोन पायलट बताते हुए दावा किया कि वह भारत सरकार के एक उपक्रम के तहत विकास कार्यों के लिए मैपिंग का काम कर रहा है। उनके साथ मौजूद वैन पर “आधुनिक ड्रोन स्प्रे सेवा” भी लिखा हुआ मिला।
फिलहाल पुलिस दोनों युवकों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे वास्तव में सरकारी कार्य कर रहे थे या किसी अन्य उद्देश्य से ड्रोन उड़ा रहे थे। इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के सतर्कता से पकड़ाए गए इन युवकों का मामला अब सुरक्षा से जुड़े सवाल भी खड़े कर रहा है, क्योंकि हाल ही में विभिन्न इलाकों में ड्रोन उड़ान को लेकर अफवाहें और आशंकाएं बढ़ गई हैं।

Translate »