उत्तर प्रदेश में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है।
राज्य के महिला एवं बाल विकास विभाग ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत “बाल विवाह को ना” नामक नया जागरूकता अभियान शुरू किया है।

इस मुहिम का उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम करना और समाज में यह संदेश देना है कि कम उम्र में शादी बच्चों के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य पर गंभीर असर डालती है।

अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संगठनों की मदद से रैली, कार्यशालाएं और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि बाल विवाह करवाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्येक जिले में प्रशासन, पुलिस विभाग और महिला स्वयंसेवी संस्थाओं को मिलकर इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह मुहिम मिशन शक्ति 5.0 का हिस्सा है, जो महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की प्रमुख योजना है।
सरकार का कहना है कि जैसे मिशन शक्ति ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नई सोच पैदा की, उसी तरह यह अभियान भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

Translate »