अंबेडकरनगर समाचार: ambedkar-nagar-news-₹2000-charged-for-adding-a-name-to-the-ration-card-five-to-six-middlemen-active-in-tehsils
राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए पात्र गरीबों से दो हजार रुपये तक वसूले जाने का चौंकाने वाला आरोप भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राम किशोर ने लगाया है। उन्होंने बुधवार को अटल भवन में आयोजित स्वदेशी अभियान की बैठक में कहा कि पूर्ति विभाग में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता, और हर तहसील में पांच से छह दलाल सक्रिय हैं, जो विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से गरीब जनता से वसूली कर रहे हैं।
इस दौरान कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद एक नेत्रहीन दंपती की शिकायत सुनकर भड़क उठे। दंपती ने बताया कि उन्होंने कई बार अपने और बेटे का नाम राशन कार्ड में जोड़वाने के लिए आवेदन किया, लेकिन हर बार टरका दिया गया। शिकायत पर विधायक ने जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय को मौके पर बुलाया, फटकार लगाई और कहा— “गरीबों की थाली से निवाला छीनने वालों को कुर्सी पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। यह सरकार सेवा के लिए है, उत्पीड़न के लिए नहीं।”
दलालों का खेल, वसूली 1000 से 2000 रुपये तक
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राम किशोर ने आरोप लगाया कि पूर्ति विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। हर तहसील में 5 से 6 दलाल खुलेआम 1000 से 2000 रुपये में नाम जोड़ने का सौदा कर रहे हैं, और विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से यह खेल चल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो किसान मोर्चा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पूरा घटनाक्रम एक वीडियो के रूप में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें विधायक और किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पूर्ति विभाग पर जमकर बरसते दिख रहे हैं, जबकि डीएसओ विभाग को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
विभाग का पक्ष:
“हमारे ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। झूठे आरोप लगाकर हमारी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। हमारी कार्यप्रणाली में कोई खामी नहीं है।”
